उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 58 कर्मचारियों को सम्मान

राज्यपाल ने पुलिस, सुधार, अग्निशमन, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक विजेताओं को नवाजा

शिमला –  पुलिस, सुधार, अग्निशमन, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा में उत्कृष्ठ सेवाएं देने वाले कर्मियों को मंगलवार को राजभवन में सम्मानित किया गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अलंकरण समारोह में इन सेवाओं के लिए सुरक्षा पदकों से 58 विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए स मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हम सब के लिए गौरव की बात है, क्योंकि उनकी उत्कृष्ट सेवाएं समाज के लिए उदहारण हैं और अन्यों को भी प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अंदर शांति बनाने का जिम्मा पुलिस का है और यह जिम्मेदारी पुलिस बेहतर तरीके से निभा रही है।  हिमाचल में नशे के खिलाफ  पुलिस के अधिकारी व जवान मजबूती से काम कर रहे हैं। नशे के खिलाफ अभियान के लिए कई पुलिस कर्मियों को पुरस्कार भी दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका यह सहयोग इस बुराई को खत्म करने में अन्यों में भी जोश भरेगा। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि नशा आज हम सबके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। नशे के खिलाफ सरकार ने कई गंभीर प्रयास किए हैं। सरकार नशे को नियंत्रित करने व लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन इस कार्य में पुलिस का डर और निगरानी बहुत जरूरी है। कानून के दायरे में ऐसे असमाजिक तत्वों को नियंत्रित कर हम युवा शक्ति को इस सामाजिक बुराई से बचा सकते हैं।

इन्हें मिला सम्मान

राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए एपी सिद्धिकी, रामदेव, पुरषोतम चंद तथा अशोक तिवारी को अलंकृत किया गया। इसके अलावा पुलिस पदक के 19 विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें एपी सिंह, हिमांशु मिश्रा और शुभ्रा तिवारी हीरा भी शामिल हैं। सुधार सेवा पदक के लिए कुल तीन विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें सुशील कुमार, हरिदत्त तथा पंकज शर्मा शामिल हैं। विशिष्ट सेवा के लिए दो को अलंकृत किया गया। प्रदत्त गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के 16 विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि राष्ट्रपति अग्निशमन सेवा पदक के लिए एक और सराहनीय कार्य के लिए अग्निशमन सेवा के लिए कुल 12 विजेताओं को सम्मानित किया गया।