एक नजर

हमले में दो अमरीकी जवानों की जान गई

काबुल। अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत के शेरजाद जिला में अमरीकी और अफगानिस्तानी सुरक्षाबलों पर हुए हमले में दो अमरीकी जवानों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए हैं। अफगानिस्तान में अमरीकी सेना (यूएसएफओआर-ए) ने एक बयान में बताया कि अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत के शेरजाद जिला में यह हमला हुआ। यूएसएओआर-ए के अनुसार एक अमरीकी चिकित्सा केंद्र में घायल जवानों का इलाज किया जा रहा है।

पापुआ न्यू गिनी में 6.2 तीव्रता का भूकंप

सिडनी। पापुआ न्यू गिनी में रविवार को 6.2 तीव्रता भूकंप आया। हालांकि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और किसी तरह के नुकसान की भी तत्काल कोई खबर नहीं है। अमरीकी भू-गर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम लगभग चार बजे आया। भूकंप का केंद्र पापुआ न्यू गिनी के ईस्ट न्यू ब्रिटेन प्रांत की राजधानी कोकोपो के दक्षिण में 122 किलोमीटर दूर 31 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

हवाई हमले में दस तालिबान आतंकी ढेर

काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कनूर में हवाई हमले में कम से कम दस तालिबान आतंकवादी मारे गए हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को ट््वीट कर यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कनूर प्रांत के चावकाय जिला में आतंकवादियों के ठिकाने को लक्षित कर किए गए हवाई हमलों में शनिवार देर रात कम से समय दस तालिबानी आतंकवादी मारे गए।

कपड़ा फैक्टरी में आग अब तक छह की मौत

अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद शहर के नारोल क्षेत्र में एक कपड़ा फैक्टरी में लगी आग पर रविवार को काबू कर लिया गया। हादसे में मृतक कर्मचारियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है तथा अन्य एक लापता बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पिराणा-पीपडज रोड पर नंदन डेनिम कपड़ा फैक्टरी में शनिवार देर शाम किसी कारण से अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी सूचना मिलते ही दमकल की 25 गाडि़यों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने करीब 15 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह आग पर काबू पा लिया।

नहीं रहे हिंदी के प्रख्यात लेखक गिरिराज

कानपुर। हिंदी के प्रख्यात लेखक एवं समाजवादी विचारक गिरिराज किशोर का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। श्री किशोर के परिवान में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आठ जुलाई, 1932 को जन्मे श्री किशोर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के रजिस्ट्रार पद से सेवानिवृत्त होने के बाद स्वतंत्र लेखन कर रहे थे। पद्मश्री और साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित श्री किशोर कहानीकार उपन्यासकार और नाटककार भी थे।

लीबिया संघर्ष विराम के लिए वार्ता 18 से

जेनेवा। संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने लीबिया संघर्ष विराम के लिए पांच-पांच प्रतिनिधियों के प्रारुप में बातचीत के दूसरे दौर की घोषणा की है। संयुक्त राष्ट्र के सहायता मिशन ने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापक संघर्ष विराम समझौते के लिए निरंतर वार्ता की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की है, मिशन ने दोनों पक्षों के बीच जेनेवा में नए दौर की बातचीत के लिए 18 फरवरी की तारीख रखने का प्रस्ताव किया। उल्लेखनीय है कि लीबिया में दोनों ओर संघर्षरत पक्षों, प्रत्येक के पांच उच्च स्तरीय प्रतिनिधियों बीच इस सप्ताह पहले दौर की बातचीत हुई।