कांगड़ा में महिला से मारपीट पर महिला समिति नाराज

शिमला – महिला आज न तो कार्यस्थल पर सुरक्षित है, और न ही अपने घर में। देश व प्रदेश में लगातार महिलाओं के ऊपर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने बलात्कार व अत्याचार की बढ़ती घटनाओं की निंदा की है । समिति का आरोप है कि महिलाओं के ऊपर हो रहे हमलों के प्रति सरकार गंभीर नहीं है।  ऐसे में महिलाओं के ऊपर आए दिन अत्याचार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष डा. रीना सिंह ने कहा कांगड़ा में हुआ हादसा निंदनीय है। महिला समिति का आरोप है कि कांगड़ा में गर्भवती महिला मीना को उसके ससुर द्वारा बेरहमी से पीटा गया है, इसलिए  उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और दोहरे हत्याकांड के मामले में सख्त सजा दी जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब वर्तमान सरकार गुडि़या रेप केस के मुद्दे को लेकर सत्ता में आई थी तो प्रदेश की महिलाओं को लग रहा था कि अब गुडि़या को न्याय मिलेगा, लेकिन अभी तक सरकार उसके असली आरोपियों की पहचान तक नहीं  कर पाई है। उनका आरोप है कि महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा को रोकने में सरकार पूरी तरह से विफल रही है। जनवादी महिला समिति ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही मीना के ससुर को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो महिला समिति  पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन चलाएगी।