कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती

नई दिल्ली  – कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बताया गया है कि प्रियंका और राहुल गांधी भी उनके साथ हैं। कई और बड़े कांग्रेस नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। सोनिया के एक करीबी ने कहा कि उन्हें पेट में दर्द की शिकायत है। अस्पताल में उनकी कुछ जांचें होंगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। बता दें, सोनिया गांधी शनिवार को बजट के पेश किए जाने के दौरान लोकसभा में मौजूद नहीं थीं। 73 वर्षीय सोनिया गांधी पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से घिरी रही हैं। इसलिए राजनीतिक तौर पर उनकी सक्रियता भी पहले के मुकाबले कम हो गई है। चुनावी रैलियों में भी वह कम ही जाती हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष का पद छोड़ा तो उन्हें एक बार फिर पार्टी की बागडोर संभालनी पड़ी। उनके नाम सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहने का रेकॉर्ड है।