गुरुग्राम में विज्ञान शिक्षा के लिए साइंस सिटी जल्द

पंचकूला – हरियाणा में बच्चों को विज्ञान शिक्षा के प्रति जागरूक करने और आम जनमानस को विज्ञान के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुग्राम में साइंस सिटी की स्थापना की जाएगी, जो लगभग 25 से 30 एकड़ भूमि पर केंद्र सरकार के सहयोग से विकसित होगी। विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित झा ने यह जानकारी आज गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह के कान्फ्रेंस हाल में संबंधित अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दी।अमित झा ने कहा कि साइंस सिटी में बच्चों को साइंटिफिक प्रिंसिपल्स खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा। साइंस सिटी के विकसित होने से क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी मुहैया होंगे। इसमें विभिन्न साइंटिफिक थीम्स जैसे फिजिक्स, केमिस्ट्री आदि कंसेप्टस पर थीमेटिक गैलरिया बनाई जाएंगी। इससे स्कूलों तथा शैक्षणिक संस्थाओं को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इसमें इसरो की स्पेस गैलरी भी होगी, बताया जाएगा कि उपग्रह को स्पेस में किस प्रकार लॉन्च किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस साइंस सिटी में इसरो द्वारा सिमुलेटर भी लगाए जाएंगे जिससे विद्यार्थी स्पेस में जाने और वहां पर रहने के अनुभवों को समझ सकेंगे।