जितेंदर को सिल्वर, मुश्किल में सुशील

नई दिल्ली — भारत के जितेंदर कुमार ने इंदिरा गांधी स्टेडियम के केडी जाधव कुश्ती हॉल में सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के अंतिम दिन 74 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि राहुल अवारे ने 61 किग्रा और दीपक पुनिया ने 86 किग्रा में कांस्य पदक जीता। उधर, सुशील चोट के कारण एशियाई चैंपियनशिप के ट्रायल में नहीं उतरे थे और जितेंदर के रजत जीतने से सुशील की टोक्यो ओलंपिक की संभावनाएं धूमिल हो गई हैं। भारत ने एशियाई चैंपियनशिप में अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य सहित 20 पदक जीते। ग्रीको रोमन शैली में एक स्वर्ण और चार कांस्य सहित कुल पांच पदक तथा महिला पहलवानों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित आठ पदक जीते तथा फ्री स्टाइल पहलवानों ने एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते। भारत ने 2017 में इस प्रतियोगिता की दिल्ली में मेजबानी की थी और तब एक स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 10 पदक जीते थे, लेकिन इस बार भारत ने प्रतियोगिता के इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर डाला। चीन में 2019 में हुई पिछले चैंपियनशिप में भारत ने एक स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते थे।