देश को अपराधों का केंद्र बनाकर भारत को बांटना चाहते हैं मोदी

नई दिल्ली – कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि वह देश को अपराधों का केंद्र बनाकर भारत को बांटना चाहते हैं और हिंदुस्तान को कमजोर बनाकर दुश्मनों का सपना पूरा करना चाहते हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी हमला किया और कहा कि उन्होंने दिल्ली की जनता को लुभाने का काम किया है। जनता को भरमाने के लिए केजरीवाल सरकार ने चुनाव से ठीक पहले लोक लुभावनी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि यदि श्री केजरीवाल को दिल्ली की जनता की सचमुच मदद करनी होती तो वह इन घोषणाओं को चुनाव से ठीक पहले नहीं करते। श्री गांधी ने यहां संगम विहार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा पूरी दुनिया भारत में निवेश करने के लिए तैयार हैं लेकिन भारत में मोदी सरकार देश को निवेश का केंद्र बनाने की बजाय इसे बांटने का काम कर रही है। भारत को बांटकर भारत के दुश्मन हमें कमजोर करना चाहते हैं और मोदी सरकार देश को बांटकर कमजोर कर इन लोगों की इच्छा पूरी करने में लगी है।  उन्होंने कहा कि भारत की तुलना में चीन में रोजगार ज्यादा है।