रिसर्च के लिए अब विदेश जाने की जरूरत नहीं, अब सोलन में मिलेंगे चींटी से लेकर हाथी तक के अवशेष।

विश्वभर के अध्ययनकर्ताओं को हिमालयन रीजन में पाए जाने वाले विभिन्न जीव-जंतुओं पर शोध करने का तोहफा मिल गया है। सोलन में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के क्षेत्रीय केंद्र में नवनिर्मित हिमालय जीव कोष बुधवार को अध्ययनकर्ताओं को समर्पित हो गया। इसका शुभारंभ केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव सीके मिश्रा ने किया। उन्होंने इस क्षेत्र में और अधिक केंद्र खोले जाने के वकालत करते हुए कहा कि यदि हिमाचल सरकार इसे लेकर पहल करती है, तो केंद्र सरकार उसमें पूरी मदद करेगी। जीव कोष के उद्घाटन के बाद उन्होंने इस कोष में रखे गए विभिन्न प्रजातियों के नमूने देखे। बता दें कि इस हिमालय जीव कोष में चींटी, तितली से लेकर हाथी तक के अवशेषों के साथ उनसे जुड़े शोध पत्र व अनुसंधान कार्य संरक्षित किए जाएंगे। इस जीव कोष के खुल जाने से अब अध्ययनकर्ताओं को विदेश नहीं जाना पड़ेगा।