एक नजर

सीरिया में सड़क हादसा 32 सवारों की जान गई

दमिश्क। सीरिया की राजधानी को होम्स प्रांत से जोड़ने वाली एक सड़क पर ईंधन के टैंकर के दो बसों और कई अन्य वाहनों से टकरा जाने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। गृह मंत्री मोहम्मद खालिद अल-रहमान ने बताया कि ब्रेक फेल होने से टैंकर की 15 वाहनों और दो बड़ी बसों से भिडंत हो गई। बसों में कई इराकी यात्री सवार थे। मंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया। मंत्री ने बताया कि दुर्घटना में 77 अन्य लोग जख्मी हुए हैं। माना जा रहा है कि हादसे के पीडि़तों में शिया इराकी श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो दमिश्क के समीप पवित्र धर्म स्थलों का दौरा करने आए थे।

चीन में इमारत ढही दस लोग दफन

फूझो। चीन के फुजियान प्रांत में एक होटल की इमारत ढहने से मलबे में दबकर दस लोगों की मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक 23 लोग अब भी फंसे हुए थे। स्थानीय प्रशासन ने रविवार को बताया कि मलबे से 48 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और 23 अन्य अब भी फंसे हुए हैं। रविवार शाम चार बजे मिली जानकारी के अनुसार मलबे में दबकर दस लोगों की मौत हो गई है। क्वांझू शहर में स्थित शिंजिया होटल की इमारत शनिवार शाम लगभग सात बजे ढह गई, जिससे 71 लोग मलबे में फंस गए। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दुर्घटना के वक्त होटल में सजावट का काम चल रहा था। होटल के मालिक को पुलिस ने पकड़ लिया है। क्वांझू शहर के स्थानीय अग्निशमन विभाग ने 200 से अधिक दमकल गाडि़यों को घटनास्थल पर भेजा। इसके अलावा 1000 से अधिक दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों और चिकित्साकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है। फुजयिन प्रांत ने 800 से अधिक अग्निशमन कर्मियों और सात खोजी श्वानों के साथ 11 खोजी और बचाव दल भेजे हैं।

आस्ट्रिया में हिमस्खलन में पांच लोगों की मौत

विएना। आस्ट्रिया के मध्य क्षेत्र में रविवार सुबह एक पहाड़ी पर हुए हिमस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना दाखेस्तिन क्षेत्र में सुबह सवा नौ बजे हुई और इसकी चपेट में आकर  पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बर्फ से पांच मृत लोगों को बाहर निकाला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये लोग एक समूह में यात्रा कर रहे थे।

अफगानिस्तान में गोलीबारी, तीन शिकार

काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में रविवार को गोलीबारी में लोगार प्रांतीय परिषद के एक सदस्य और उनके दो सुरक्षाकर्मियों  की मौत हो गई ओर एक

अन्य घायल हो गया। काबुल पुलिस प्रवक्ता फिरदौस फरमर्ज

ने बताया कि समीप के क्षेत्र सईद नूर मोहम्मद शाह मीना में हुई गोलीबारी में लोगार प्रांतीय परिषद के एक सदस्य नासिर गैरात और उनके दो सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई और उनका वाहन चालक घायल हो गया। बंदूकधारी गोलीबारी करने के बाद मौके से फरार हो गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बम की अफवाह

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की अफवाह से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि डोमेस्टिक टर्मिनल-1 पर राजस्थान के पाली निवासी यात्री मदनलाल एस. की शनिवार देर रात तलाशी ली जा रही थी। तलाशी के दौरान उसने बताया कि उसके बैग में बम है, जिससे हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मदनलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। शराब के नशे में उसने जांच अधिकारी को बताया था कि उसके बैग में बम है। पुलिस ने मामला दर्ज करके विस्तृत जांच शुरू कर दी है।