टोक्यो ओलंपिक का नया शेड्यूल जारी

23 जुलाई से आठ अगस्त, 2021 तक आयोजन, 24 अगस्त से पांच सितंबर तक पैरालंपिक

टोक्यो – वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण स्थगित किए गए टोक्यो ओलंपिक अब 23 जुलाई से आठ अगस्त, 2021 तक करवाए जाएंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने सोमवार को कहा था कि कोरोना वायरस के कारण 2021 तक स्थगित किए गए टोक्यो ओलंपिक के लिए नई तारीखों की घोषणा इसी सप्ताह की जाएगी। मगर इसके कुछ घंटे बाद ही यह खबर आ गई कि टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त, 2021 तक होगा। यह ओलंपिक के मूल कार्यक्रम से एक दिन पहले के दिन हैं। टोक्यो ओलंपिक को इस वर्ष 24 जुलाई से शुरू होना था और इसका समापन नौ अगस्त को होना था। मगर 2021 में इसे 23 जुलाई से आठ अगस्त तक कराया जाएगा।  टोक्यो मेट्रोपोलिटन सरकार के कई अधिकारियों ने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई 2021 से शुरू होंगे, जबकि पैरालंपिक का आयोजन 2021 में 24 अगस्त से पांच सितंबर तक किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी), टोक्यो गेम्स आयोजन समिति, जापान सरकार और टोक्यो मेट्रोपोलिटन सरकार के बीच नई तारीखों पर सहमति हो गई है। आधुनिक ओलंपिक के 124 सालों के इतिहास में यह पहला मौका था, जब इन खेलों को स्थगित किया गया। जापान ने इन खेलों की तैयारियों में करीब 13 अरब डालर खर्च किए गए हैं और घरेलू प्रयोजन से तीन अरब डालर जुटाए गए हैं। इस बीच आयोजन समिति इस बात पर भी विचार कर रही है कि 2020 खेलों के लिए खरीदे गए टिकट को नई तारीखों में वैध समझा जाए या फिर टिकटों की कीमत लौटाई जाए।