दस घंटे बाद भरमौर एनएच बहाल

बारिश से जगह-जगह मलबा गिरने से दस घंटे बंद थी सड़क

चंबा – पठानकोट एनएच मार्ग पर शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण जगह- जगह भू-स्ख्लन और पेड़ उखड़कर आ गिरने से करीब दस घंटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस दौरान रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के वाहन बीच राह में फंसे रहे। एनएच प्रबंधन ने कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी के सहयोग से मार्ग पर गिरे मलबे व पत्थर और पेड़ हटाकर सवेरे करीब दस बजे वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। इस कारण शनिवार को दूध व ब्रेड सहित समाचार पत्रों की सप्लाई दोपहर बाद चंबा पहुंच पाई। बारिश के कारण पठानकोट एनएच पर केरू पहाड़, देवीदेहरा, द्रड्डा, कांदू और परेल के पास जगह- जगह भू-स्ख्लन होने के अलावा चीड़ के पेड़ उखड़कर आ गिरने से वाहनों के पहिए थमकर रह गए। मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही एनएच प्रबंधन ने जेसीबी संग यातायात बहाली को लेकर काम युद्धस्तर पर छेड़ दिया। मार्ग पर जगह- जगह गिरे मलबे, पत्थरों व चीड़ के पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल करने में सफलता हासिल की।  उधर, एनएच मंडल चंबा के एक्सईएन राजेंद्र शेखरी ने बताया कि बारिश के कारण  जगह- जगह भू-स्ख्लन होने से पठानकोट मार्ग पर यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के ही जेसीबी मशीन संग फील्ड स्टाफ  को मौके पर भेजकर यातायात बहाल करवाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया।