मोदी राशन किट का वितरण शुरू

प्रदेश के हर शहर-गांव में आहार पहुंचा रहे भाजपा कार्यकर्ता

शिमला – कोरोना की महामारी के बीच पूरे देश की तर्ज पर भाजपा ने हिमाचल में भी मोदी राशन किट देने का काम शुरू कर दिया है। भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक, महापौर, उपमहापौर, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शहर से गांव तक मोदी आहार को पहुंचाने में लगे हैं। रविवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, मंडलाध्यक्ष राजेश शारदा, भानु चौहान, बृज सूद व कई अन्य कार्यकर्ताओं ने शिमला नगर निगम के दायरे में मोदी आहार का वितरण किया। प्रदेश के अन्य भागों में भी मंत्री, विधायक व कार्यकर्ता मोदी आहार के वितरण में जुट गए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का कहना है कि प्रदेश में 25 हजार दानदाताओं के सहयोग से भाजपा ने मोदी राशन किट का आबंटन आरंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के प्रयासों व भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से राज्य में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा। डा. बिंदल ने कहा कि मोदी राशन किट में 10 किलो आटा, पांच किलो चावल, दो किलोग्राम दाल, एक-एक किलो तेल व चीनी तथा एक किलो नमक अभावग्रस्तों तक पहुंचाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ इस कार्य में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक बूथ स्तर का कार्यकर्ता राशन किट को गरीबों व अभावग्रस्तों तक पहुंचाएगा। बाकायदा किट लेने वाले व दान देने वाले दोनों का लेखा-जोखा रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए राहत की बात है कि गत दिनों कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव आए एक मामले की दो रिपोर्ट नेगेटिव आ गई हैं। जाहिर है कि वह व्यक्ति ठीक हो रहा है। सरकार संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। पार्टी इस कार्य में सरकार का सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संकट की इस घड़ी में देश व प्रदेश के साथ खड़ी है। प्रत्येक व्यक्ति को भोजन मिले, इसके लिए पार्टी प्रयासरत है।