इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने दिए 6.1 करोड़ पौंड

लंदन-वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस से लड़ने के लिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने 6.1 करोड़ पौंड (लगभग पांच अरब 73 करोड़ रुपए) की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। ईसीबी के मुख्य कार्यकारी टॉम हैरिसन ने इस हालात को ईसीबी के सामने इतिहास में सबसे बड़ी चुनौती करार दिया है। कोरोना के प्रकोप के कारण इंग्लैंड सहित दुनियाभर में क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई है, जिसका नुकसान बोर्ड को उठाना पड़ रहा है। फिलहाल चार करोड़ पाउंड (लगभग तीन अरब 76 करोड़ रुपए) तुरंत जारी किए जाएंगे, जिसमें से दो करोड़ 10 लाख पाउंड (करीब एक अरब 97 करोड़ रुपए) खेलों को चलाने के लिए किश्त रहित कर्ज के तौर पर दिए जाएंगे। हैरिसन ने साथ ही चेताते हुए कहा कि अगर कोरोना का प्रभाव जल्द ही नहीं खत्म हुआ था, तो आने वाले समय में हालात इससे भी बदतर होंगे। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी केंद्रीय अनुबंध में है उन्हें छुट्टी पर नहीं माना जाएगा और उन्हें वेतन कटौती के बारे में नहीं कहा जाएगा। इसके अलावा ईसीबी कुछ कर्मचारियों की छंटनी कर सकता है।