कोरोना से निपटने के लिए एक करोड़

शिमला – देश-दुनिया में फैले कोरोना वायरस से हिमाचल को बचाने के लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बड़ी पहल करते हुए एक करोड़ 21 लाख रुपए कोविड-19 फंड में दिए हैं। इसके अलावा बोर्ड के तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने एक दिन का वेतन यानी पांच लाख 47 हजार 545 रुपए कोरोना से बचाव के लिए रीलिफ फंड में दिए हैं। बोर्ड सचिव अक्षय सूद की अध्यक्षता व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज की उपस्थिति में बोर्ड के अध्यक्ष डा. सुरेश कुमार सोनी ने मुख्यमंत्री को राहत राशि का चेक भेंट किया।  इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक अरुण सिंह धूमल ने एसोसिएशन की ओर से कोविड-19 से निपटने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 20 लाख रुपए का अंशदान किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डा. सुरेश सोनी भी उपस्थित थे।

राहत कोष में साढ़े दस लाख रुपए

भोरंज। भारतीय जनता पार्टी मंडल भोरंज के माध्यम से प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री राहत कोष में अब तक 10,55,350 रुपए की राशि दी। भारतीय जनता पार्टी मंडल भोरंज के अध्यक्ष देशराज शर्मा ने कहा कि जब भी समाज पर आपदाएं आती हैं, तब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जन सहयोग से उस समस्या के निदान में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। देशराज शर्मा ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी मंडल भोरंज ने राष्ट्र के हाथ मजबूत करने के लिए और वैश्विक महामारी कोरोना से लड़ने के लिए मंडल से जन सहयोग द्वारा अंशदान प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजा डिमांड ड्राफ्ट और आरटीजीएस के माध्यम से भेजा गया है। प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए 493350 रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 401000 और जिला में बने राहत कोष के लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि विभिन्न कार्यकर्ताओं द्वारा भेजी जा चुकी है।