…जब टीम इंडिया ने रचा इतिहास

नई दिल्ली – कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने दो अप्रैल ही के दिन नौ वर्ष पहले 28 वर्ष का सूखा खत्म कर श्रीलंका को हराकर विश्वकप जीता था। टीम इंडिया ने 2011 आईसीसी विश्वकप के फाइनल में श्रीलंका को बेहद रोमांचक मुकाबले में छह विकेट से हराकर दूसरी बार विश्वकप अपने नाम किया था। मुंबई में हुए ़फाइनल में श्रीलंका ने पहली बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट पर 274 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 48.2 ओवर में चार विकेट पर 277 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया। इस खिताब की तलाश भारतीय टीम के साथ-साथ देश की जनता को भी वर्षों से थी और धोनी ने नुवान कुलशेखरा की गेंद पर छक्का जड़ भारत का 28 वर्ष का सूखा खत्म किया औऱ टीम को विश्वविजेता बना दिया। यह जीत टीम इंडिया के साथ-साथ टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी रहे सचिन तेंदुलकर के लिए भी काफी अहम थी। यह उनके करियर का छठा और अंतिम विश्वकप था। फाइनल मैच सचिन के घरेलू मैदान मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था। 2011 विश्वकप का आयोजन एशिया में हुआ था और टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत से ही दिखा दिया था कि वह इसकी प्रबल दावेदारों  में से एक है।

वर्ल्डकप फाइनल की तस्वीर पर गंभीर नाराज

नई दिल्ली – साल, 2011 में महेंद्र सिंह धोनी द्वारा लगाए गए विजयी छक्के के लिए जुनून को लेकर भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर निशाना साधा है। गंभीर ने कहा है कि टूर्नामेंट पूरी टीम और सपॉर्ट स्टाफ के सहयोग से जीता गया था। गौतम गंभीर ने क्रिकेट को कवर करने वाली एक नामी वेबसाइट को लेकर लिखा है कि आपकी जानकारी के लिए बता दें। वर्ल्डकप 2011 इंडिया, पूरी इंडियन टीम और पूरे सपोर्ट स्टाफ के दम पर जीता गया था। ऐसे समय पर आप सिर्फ एक छक्के को लेकर उत्साहित रहते हो।