नड्डा बोले, हिमाचल में बेहतर काम

शिमला – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोरोना महामारी के दौरान हिमाचल भाजपा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संकट मोचक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। डा. बिंदल ने कहा कि प्रदेश भाजपा की ओर से उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया है कि राष्ट्रीय आपदा के इस नाजुक मौके पर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संपूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से समाज सेवा कार्य में जुटा हुआ है। श्री बिंदन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ देश के विभिन्न प्रांतों के अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच वीडियो कान्फे्रंसिंग के माध्यम से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा अध्यक्ष डा. बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्देशों और मार्गदर्शन के अनुरूप प्रदेश में भाजपा कार्य कर रही है। एक माह में हिमाचल भाजपा ने जो राष्ट्रीय आपदा में कार्य किया, उसकी सराहना करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यह महामारी जहां देश और दुनिया के लिए भयावह है, वहीं हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सेवा का एक अवसर है, जिसमें हमें बढ़चढ़कर कार्य करना होगा। डा. बिंदल ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के ‘फीड दि नीडी’ कार्यक्रम के अंतर्गत यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि भोजन एवं राशन सभी अत्यंत निर्धन एवं साधनविहीन लोगों को मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने फेस कवर बनाने के कार्य को और तीव्र करने के लिए भी कहा। उन्होंने  बताया कि प्रदेश में अभी तक 241740 खाने के पैकेट, 67836 राशन किट, 598663 मास्क वितरण, 11489267 पीएम केयर्स और 31299223 रुपए सीएम कोविड फंड-19 में जमा हुए हैं।