पुलिस, स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना किट

नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर उपलब्ध करवाएंगे सुविधा

बिलासपुर – कोरेना वायरस जैसी महामारी से लड़ने के लिए दिन-रात ड्यूटी बजा रहे पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के अलावा वॉलंटियर्स को अगले दो दिन के अंदर (कोरोना सेफ्टी किट) गाउन  उपलब्ध करवाए जाएंगे। बिलासपुर जिला में 750 पुलिस जवानों को गाउन दिए जाएंगे, जबकि अन्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों और नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में गरीबों और प्रवासियों की मदद के लिए दिन-रात जुटे वॉलंटियर्स को प्रदान किए जाएंगे। ये गाउन नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामलाल ठाकुर द्वारा पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों सहित वॉलंटियर्स को उपलब्ध करवाए जाएंगे। गुरुवार को यह खुलासा रामलाल ठाकुर ने किया है। उन्होंने बताया कि 1500 गाउन तैयार करने का ऑर्डर दे रखा है। ये गाउन वह अपने ऐच्छिक निधि से उपलब्ध करवाएंगे। पुलिस जवानों के लिए गाउन पुलिस अधीक्षक बिलासपुर कार्यालय में पहुंचाए जाएंगे, जहां से आगे पुलिस जवानों तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी। उन्होंने बिलासपुर के साधन संपन्न परिवारों से आह्वान किया है कि वे इस विकट परिस्थिति में गरीबों और यूपी, राजस्थान और बिहार इत्यादि राज्यों से आए लोगों की मदद के लिए व्यक्तिगत तौर पर अपने हाथ आगे बढ़ाएं, क्योंकि यह समय एक दूसरे की मदद करने का है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग रखने के लिए दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आमजन से आह्वान किया है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि विदेशों में रह रहे भारतीय लोगों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि वे इस परिस्थिति में अपने घर परिवार के पास पहुंच सकें।