मस्जिद के आसपास तीन किलोमीटर का एरिया सील

ऊना जिला में अब फुल कर्फ्यू, जरूरी सामान खरीदने भी नहीं निकल पाएंगे लोग

ऊना – निजामुदीन मरकज में तबलीगी जमात में शामिल होकर उपमंडल गगरेट के एक गांव में पहुंचे तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से जिला ऊना सहित हिमाचल प्रदेश में हड़कंप मच गया है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए तीनों लोगों को टांडा मेडिकल कालेज शिफ्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग इन तीनों के सैंपल पुणे भेजेगा। गुरुवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार अन्य लोगों के सैंपल लिए है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए तीन लोगों के संपर्क में इनके 11 पारिवारिक सदस्य आए हैं। इन सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया है, जबकि इनकी जांच करने वाले डाक्टर्स, पुलिसकर्मी व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी क्वारंटाइन किया गया है। मस्जिद के आसपास के तीन किलोमीटर के एरिया को पूर्णतः सील कर दिया गया है। इसके आसपास के पांच किलोमीटर के एरिया को बफर एरिया घोषित कर दिया गया है, वहीं पूरे गांव को सेनेटाइज किया गया है। उक्त लोग दिल्ली से आते वक्त व यहां किन-किन लोगों के संपर्क में आए हैं, अब प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग इसकी जांच में जुट गए हैं। ऊना प्रशासन ने जिला में फुल कर्फ्यू लगा दिया है। अब सुबह सात से 10 बजे तक दी जा रही ढील पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। लोग जरूरी सामान की खरीददारी के लिए भी बाहर नहीं निकल पाएंगे। उक्त क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को मास्क व पीपीई किट्स मुहैया करवाई जा रही है। इसके बाद उपायुक्त ऊना ने देर रात हाई लेबल की मीटिंग बुलाई, जिसमें कड़े निर्णय लिए गए हैं। तबलीगी जमात में शामिल होकर लौटे लोगों में से तीन में कोरोना के लक्षण पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांच फूल गए है।  उधर, उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में तबलीगी जमात में शामिल होकर लौटे तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।