सेक्टर-38 कंटेनमेंट ज़ोन से बाहर, चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने दी जानकारी, सेक्टर-52 से आज हटेगी पाबंदी

चंडीगढ़  – चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर के दो कंटेनमेंट जोन, सेक्टर-38 व सेक्टर-52 को इससे बाहर कर दिया है। सचिवालय में कोविड वार रूम में हुई बैठक में चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि नियमानुसार अगर कंटेन किए गए ज़ोन में 28 दिनों तक कोई नया संक्रमण का मामला नहीं आता है, तो उसे कंटेनमेंट से बाहर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-38 को बुधवार को इस जोन से बाहर कर दिया गया है। वहीं सेक्टर-52 को गुरुवार (आज) इस जोन से बाहर कर दिया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निवासियों के स्वास्थ्य की जांच और कड़ी निगरानी जारी रखी जाएगी। नियमित स्वच्छता उपाय और क्षेत्र में आईईसी अभियान नगर निगम अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। अरुण कुमार गुप्ता, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि तीन अस्पतालों में 20000 पीपीई उपलब्ध है और क्वारंटाइन किए गए रोगियों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्राइडेंट कंपनी द्वारा 5000 पीपीई किट दान किए गए हैं, जिनमें से 1000 चंडीगढ़ पुलिस को दिए गए हैं। वित्त सचिवए एके सिन्हा ने कहा कि कंटेनर जोन के बाहर के लोगों को ट्रेन से उनके मूल स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। कहा कि बफर जोन के 220 व्यक्तियों को बसों द्वारा जम्मू भेजा जाएगा। निगमायुक्त केके यादव ने कहा कि विक्रेताओं की नियमित स्क्रीनिंग और बाजारों का स्वच्छताकरण हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संक्रमण को रोकने के लिए व्यक्तिगत ग्राहकों को सेक्टर 26 होलसेल मार्केट में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सिर्फ कोरोना ही नहीं, अन्य बीमारियों की तरफ भी ध्यान दें अधिकारी

प्रशासक ने तीन चिकित्सा संस्थानों से गैर-कोविड मामलों पर समान रूप से ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने यह भी जोर दिया कि टीकाकरण, तपेदिक, डेंगू आदि के बारे में राष्ट्रीय कार्यक्रमों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा एक साथ भाग लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें इनकों नजरअंदाज नहीं करना चाहिए व इसके प्रति भी लोगों को जागरूक करना चाहिए, ताकि समय रहते इन पर भी काबू पाया जा सके।