प्रियंका का घर खाली करवाने के नोटिस पर भड़के कांग्रेसी

शिमला – कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना से काम करने का आरोप लगाया है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, सुखविंदर सिंह सूक्खू, हर्षवर्धन चौहान, विधायक लखविंदर राणा, सुंदर ठाकुर व सतपाल रायजादा ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को सरकारी मकान खाली करने के लिए भेजे गए नोटिस की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। केंद्र सरकार प्रियंका गांधी का मकान तो खाली करवा सकती है, लेकिन गरीब लोगों व मजदूरों के दिलों से नहीं निकाल सकती। प्रियंका के आमजन की आवाज बनने से केंद्र सरकार बौखला गई है। जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर प्रियंका केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार को घेर रही है, जिससे भाजपा की नींद उड़ी हुई है। उनकी आवाज दबाने के लिए केंद्र सरकार ने मकान खाली करने का नोटिस शहरी विकास मंत्रालय से भिजवाया है।