जम्मू-कश्मीर के राजौरी में फिर तोड़ा सीज फायर, पाकिस्तानी की गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद

जम्मू – जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास शुक्रवार को पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। रक्षा विभाग के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर आज सुबह राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सैनिकों ने भी पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। गोलीबारी में हवलदार सम्बुर गुरुंग गंभीर रूप से घायल हो गये जिनकी कुछ समय बाद मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि हवलदार सम्बुर गुरुंग एक बहादुर, अति उत्साही तथा ईमानदार सैनिक थे। देश उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखेगा तथा उनका कृतज्ञ रहेगा।