कर्ण सिंह को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय कृषि सम्मान

नौणी – सोलन जिला के धारों की धार गांव के युवा किसान कर्ण सिंह ठाकुर ने स्वरोजगार का मार्ग चुनकर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। डा. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से फल विज्ञान में स्नातकोत्तर कर्ण सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर कृषि पुरस्कार जीत कर देशभर में हिमाचल का नाम रोशन किया है। हाल ही में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 92वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान कर्ण को पंडित दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय कृषि पुरस्कार (क्षेत्रीय) के लिए चुना गया। आईसीएआर के स्थापना दिवस के दौरान 20 अलग-अलग श्रेणियों में 161 पुरस्कार विस्तृत किए गए। ये पुरस्कार तीन संस्थानों, दो अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों/किसानों, पत्रकार एवं भारतीय कृषि अनुसंधान के कर्मचारी वर्ग को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किए गए। किसानों को चार श्रेणियों के अंतर्गत पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं इस अवसर पर नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति डा. परविंद्र कौशल ने कर्ण को प्रदेश और विवि के नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।