अपने ही नियम नहीं मान रही सरकार, कोरोना काल में सीएम के कांगड़ा दौरे पर बरसे जीएस बाली

नगर संवाददाता – कांगड़ा

जयराम सरकार के राज में हिमाचल में स्थितियां बिगड़ रही हैं। कोरोना के आंकड़े चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जहां भी जा रहे हैं, वहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। यह आरोप पूर्व मंत्री जीएस बाली ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के लिए रूल बनाती है, लेकिन सरकार को भी इनका पालन करना चाहिए।

उन्होंने भी बाल मेले को स्थगित किया है, क्योंकि वहां हजारों की तादाद में लोग पहुंचते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को कांगड़ा में आकर बैंड बजवाना जरूरी था। मुख्यमंत्री का कांगड़ा दौरा नाममात्र था। वह यहां जश्न मनाकर वापस लौट गए। धर्मशाला को दूसरी राजधानी तो बता दिया, लेकिन यहां कोई भी सेक्रेटरी नहीं बैठा।

कैसे हुआ 30 हज़ार करोड़ का नुकसान

जीएस बाली ने कहा कि किराया बढ़ोतरी पर सरकार 30 हज़ार करोड़ के घाटे की बात कहती है, लेकिन जयराम ठाकुर जनता को बताएं कि यह नुकसान कहां हुआ है। सरकार ने किराया बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल दिया, लेकिन आज लोग बस छोड़कर गाड़ी में जाना पसंद कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें गाड़ी सस्ती पड़ रही है। ट्रांसपोर्टर्ज को लाभ देने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।

सरकार बताए, तीन साल में क्या किया

पूर्व मंत्री ने कहा कि जयराम सरकार को सत्ता में आए तीन साल हो गए हैं, लेकिन सरकार बताए कि इस कार्यकाल में प्रदेश के साथ कांगड़ा के लिए क्या किया और यहां क्या नया लेकर आई। विधानसभा कांग्रेस ने बनाई, शिक्षा बोर्ड कांग्रेस लेकर आई, प्रदेश का चहुंमुखी विकास कांग्रेस ने करवाया, लेकिन भाजपा ने प्रदेश में वित्तीय संकट बढ़ाने के अलावा कुछ नहीं किया।