डॉ. हर्षवर्धन बोले, रामभक्तों के संकल्प की सत्यता का प्रमाण आज का दिन

दिल्ली- अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए आज हुए भूमिपूजन और आधारशिला रखे जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि आज का दिन करोड़ाें रामभक्तों के संकल्प की सत्यता का प्रमाण है। डॉ हर्षवर्धन ने कई ट्वीट करके अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज का दिन सत्य, अहिंसा, आस्था और बलिदान को न्यायप्रिय भारत की एक अनुपम भेंट है। उन्होंने ट्वीट किया,“ आज अयोध्या में श्री राममंदिर निर्माण के लिण् भूमि पूजन हम सबके लिए एक ऐसा सुखद अनुभव है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि साक्षात रूप में प्रभु राम अयोध्या लौट रहे हैं। राम मंदिर का शिलान्यास एक नये भारत का शिलान्यास है।”

उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण की सदियों पुरानी प्रतीक्षा पूरी होना त्रेता युग के राम की कलियुग में एक और विजय है। अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राममंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास धैर्य की, भरोसे की और आदर्शों पर चलने की जिजीविषा की भी विजय है।

डॉ हर्षवर्धन ने कहा, “श्री राम हजारों साल पहले से हमारे हैं। अयोध्या हमारी है। हमारे पुरखों ने ही उनकी कहानियां हम तक पहुंचाई हैं। भगवान राम का विस्तार मानव हृदय से लेकर प्राणियों के हृदय तक है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम सर्वत्र हैं, हर कण, हर घट में विद्यमान हैं।”

स्वास्थ्य मंत्री ने अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में भारतीय समुदायों द्वारा राममंदिर के शिलान्यास रखने पर खुशियां मनाने पर कहा कि अमेरिका भी जय श्री राम के रंग में रंग गया। राममंदिर का निर्माण उनकी महिमा का गान भी है और देश की सांस्कृतिक चेतना को बल देने वाले प्रेरणापुंज का प्रकाश भी है। यह न सिर्फ देश बल्कि विदेश में रह रहे करोड़ों लोगों के लिए गर्व एवं हर्ष का विषय है।