प्रदेश में कल भारी बारिश के आसार, विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, 13 तक बरसेंगे बादल

शिमला – हिमाचल प्रदेश में कमजोर पडे मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 13 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, जबकि नौ अगस्त को मैदानी इलाकों सहित शिमला, कुल्लू, सोलन, मंडी, सिरमौर व डलहौजी में अनेक स्थानों पर झमाझम बारिश होगी। इसके लिए विभाग द्वारा यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य में बीते 24 घटों के दौरान मानसून सामान्य रहा है। कांगड़ा जिला के कुछ स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार को भी राज्य के कई स्थानों पर बारिश हुई है। बारिश से अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह के समय मौसम साफ बना रहा, मगर 11 बजे के करीब बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे अधिकतम तापमान में एक से पाचं डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। कांगड़ा के अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

इसके अलावा डलहौजी में तीन, चंबा में दो, भुंतर, कल्पा व नाहन के अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आई है। ऊना व केलांग के तापमान में गुरुवार के मुकाबले उछाल आया है। ऊना का तापमान 37 डिग्री से पार हो गया है। बीते 24 घटों के दौरान धर्मशाला में सबसे ज्यादा 110 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, जोगिंद्रनगर में 60, गोहर व गगल में 48, मनाली में 34, पालमपुर में 24 और बैजनाथ में 22 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 13 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। नौ अगस्त को मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी।