योग से पहले कितना सही है खाना-पीना

लॉकडाउन की वजह से लोग घरों पर ही वक्त बिता रहे हैं और आफिस के काम भी घर से ही पूरे कर रहे हैं। ऐसे में खुद को फिट और तंदुरुस्त रखने के लिए योग का सहारा भी ले रहे हैं। लेकिन योग को शुरू करने से पहले, उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाना बहुत जरूरी है। जैसे योग के पहले कितनी मात्रा में और खाना-पीना कितना सही है। तो चलिए जानें योग के पहले खाना क्या सही होता है?

योग के पहले खाना ठीक नहीं

वैसे योग करने का सबसे सही समय सुबह का होता है। ऐसे में सुबह दैनिक क्रियाओं से निवृत्त होने के बाद योग का अभ्यास करना चाहिए और योग से पहले कुछ नहीं खाना चाहिए। लेकिन बहुत से लोगों के पास समय की कमी होती है। जिसकी वजह से वो शाम के समय योगा करते हैं। ऐसे में क्या सुबह से ही कुछ ना खाया जाए। ऐसा नही हैं। शाम को अगर योग करने जा रहे हैं तो ध्यान रहें कम से कम योग और खाने के बीच दो घंटे का फासला हो। हो सके तो योग शुरू करने के पहले शाम को भी शौच से निवृत्त हो जाना चाहिए।

क्या खाएं योग से पहले

अगर योग शुरू करने के पहले आपको सुस्ती या थकान महसूस होती है तो योग से आधा घंटा पहले जूस या ग्लूकोज पी लें। अगर आपको सुबह चाय पीने की आदत है, तो चाय पी सकते हैं। चाय और दो बिस्कुट के बाद भी आप योग कर सकते हैं।

योग के बाद क्या खाएं

योगासनों का अगर आप अच्छे से अभ्यास करते हैं, तो जरूर आपको भूख लगेगी। लेकिन योग करने के बाद शरीर को अच्छे से ठंडा हो जाने दें। उसके बाद ही हैवी ब्रेकफास्ट को दिनचर्या में शामिल करें। योग करने के बाद ब्रेकफास्ट में हेल्दी चीजों को शामिल करें। जैसे ओट्स, दलिया, बटर, चना, दूध, दही या फिर पनीर। साथ ही योग के बाद वही खाएं, जिसमें अनाज की मात्रा हो।