25 तक अभी ऐसे ही छूटेंगे पसीने

बारिश के कोई आसार नहीं, धूप में भी गिरा पारा

 शिमला-प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है। मानसून के कमजोर पड़ते ही राज्य में दिन तप गए हैं। हालांकि वीकेंड पर तापमान में हल्की गिरावट रिकॉर्ड की गई है, मगर अभी भी राज्य के मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे प्रदेश में 25 सितंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में और उछाल आ सकता है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार को दोपहर तक मौसम साफ बना रहा।

दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान कई स्थानों पर ठंडी हवा भी चली, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आंकी गई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आई है।

धर्मशाला व बिलासपुर छोड़कर समूचे प्रदेश के तापमान में गिरावट आंकी गई है। डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, नाहन, चंबा और केलांग के पारे में एक डिग्री की गिरावट आई है। राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।