मंडी में कांग्रेस का किसान सम्मेलन 10 अक्तूबर को

केंद्र सरकार द्वारा कृषि बिल पारित करने के बाद इसका देश भर में विरोध हो रहा है। हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस ने इसके खिलाफ अपनी रणनीति बनाई है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान 10 अक्तूबर को मंडी में किसान सम्मेलन करवाने की रणनीति बनाई गई है। जानकारी के अनुसार इस किसान सम्मेलन में कांग्रेस के साथ किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को यहां पर बुलाया जाएगा। यहां पर व्यापक रूप से केंद्र सरकार के कृषि विधेयकों पर चर्चा की जाएगी और इन विधेयकों की असल तस्वीर को सामने लाया जाएगा। बता दें कि इस मुद्दे पर भाजपा एनडीए गठबंधन तक टूट चुका है।

पंजाब में अकाली, एनडीए से अलग हो गए हैं। हालांकि भाजपा संगठन कृषि विधेयकों  को किसानों के हक में बता रहे हैं और इसका खूब प्रचार किया जा रहा है , मगर विपक्षी दलों ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। हिमाचल प्रदेश में भी एक रणनीति बनाई गई है, जिसके तहत दो अक्तूबर से पूरे प्रदेश में धरने दिए जाएंगे और प्रदर्शन होगा। ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करने को कहा गया। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा और उसे देश के राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।