प्रदेश में सर्द होने लगी रातें, मौसम विभाग का पूर्वानुमान, राज्य में पहली अक्तूबर तक साफ रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में बादलों के घिरने और शीत लहरों के प्रवाह से तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। वहीं नयूनतम तापमान में भी गिरावट आने से प्रदेश में रातें सर्द होने लगी हैं। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में पहली अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर धूप खिली रहेगी। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार को दिन भर मौसम साफ बना रहा। दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही, मगर उसके बाद आसमान में काले बादलों के घिरने के साथ हवाएं चलनी शुरू हो गईं, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आई है।

  अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। केलांग के तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा कल्पा, धर्मशाला, बिलासपुर में एक डिग्री, ऊना, सोलन, हमीरपुर, डलहौजी और चंबा के तापमान में भी मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में पहली अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा।