अब दिन भी होने लगे ठंडे

तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट, 25 तक खिली रहेगी चटक धूप

हिमाचल प्रदेश में ठंड ने लगभग दस्तक दे ही दी है। रातों के बाद अब राज्य में दिन भी ठंडे होने लगे हैं। अधिकतम तापमान में एकाएक एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने से दिन के समय भी हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग द्वारा राज्य में 25 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है, मगर विभाग की मानें तो इस अवधि के दौरान भी तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को दिन भर मौसम साफ बना रहा। दिन के समय तेज धूप खिली रही, मगर दोपहर बाद शीतलहरों का प्रवाह शुरू हो गया था। ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट रिकार्ड की गई है।

 केलांग के तापमान में सबसे ज्यादा चार डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा कल्पा, धर्मशाला में दो-दो, सुंदरनगर, ऊना, नाहन, सोलन, चंबा और डलहौजी में एक डिग्री तक पारा लुढ़का है। हमीरपुर व बिलासपुर को छोड़कर समूचे प्रदेश के अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में एकाएक इतनी गिरावट आने से पहाड़ों पर दिन के समय भी अब ठंड का एहसास होने लगा है। बीते 24 घटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आंकी गई है। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। राज्य के केलांग का पारा 2.3, कल्पा में 5.5 व मनाली का तापमान गिर कर 3.6 डिग्री तक आ गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 25 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा।