नगर निगम चुनाव के लिए तैयारी पूरी, हरियाणा में 29 के बाद कभी भी हो सकती है घोषणा

हरियाणा में नगर निगम के चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 29 नवंबर के बाद प्रदेश में तीन नगर निगमों के चुनाव की घोषणा सरकार कभी भी कर सकती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी दावा किया है कि भाजपा चुनाव को लेकर तैयार है और हम चुनाव जीतेंगे भी। नगर निगम के चुनाव पंचकूलाए सोनीपत और अंबाला में होने हैं। तीनों जिलों में निगम चुनाव काफी समय से लंबित थे।

 निगम के साथ कई जिलों में नगर परिषद और पालिकाओं के चुनाव भी प्रस्तावित हैं। वहां भी जल्द चुनाव हो सकते हैं। राज्य चुनाव आयुक्त डा. दिलीप ने बताया कि पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम चुनाव के लिए जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। तीनों शहरों में नगर निगम की वार्डबंदी का काम भी पूरा हो गया है। जनवरी, 2020 को अर्हता तिथि मानकर तैयार मतदाता सूचियों को भी यहां के सभी वार्डों में वितरित किया जा रहा है। यह काम भी 29 नवंबर तक पूरा हो जाएगा। उसके बाद प्रदेश में कभी भी निगम चुनाव की घोषणा हो सकती है। उनके अनुसार इस बार नगर निगम के मेयर और नगर परिषद व पालिका प्रधान के सीधे चुनाव होंगे।

 इन निकाय चुनाव के लिए इस बार मेयर, प्रधान व पार्षद सदस्य के लिए चुनाव खर्च की सीमा भी विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की मांग पर बढ़ाई गई है। मेयर के चुनाव के लिए खर्च सीमा अब 20 से बढ़ाकर 25 लाख कर दी गई है। निगम पार्षद के लिए खर्च सीमा पांच से बढ़ाकर 5.50 लाख हो गई है। इसी तरह नगर परिषद के पार्षद के लिए चुनाव खर्च सीमा तीन से बढ़ाकर 3.30 लाख और नगर पालिका के पार्षद के लिए यह खर्च सीमा दो से बढ़ाकर 2.25 लाख हो गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार है। सीएम ने दावा किया कि पहले की तरह इस बार भी निगम चुनाव हम ही जीतेंगे।