पांगी में डेढ़ फुट हिमपात

 चंबा-जनजातीय उपमंडल पांगी ने सोमवार को बर्फ की सफेद चादर ओढ ली है। सोमवार को पांगी मुख्यालय किलाड में छह ईंच और उपरी हिस्से में एक से डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। समाचार लिखे जाने तक पांगी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी था। बर्फबारी के बीच हाड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। बर्फबारी के बीच पांगी की लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति ने लोगों की मुश्किलों को दोगुना कर दिया है।

बर्फबारी का दौर जारी रहने के चलते उपमंडलीय प्रशासन की ओर से लोगों को अलर्ट जारी करते हुए हिमस्ख्लन संभावित क्षेत्रों की ओर रूख न करने का आह्वान किया गया है। सोमवार सवेरे पांगी घाटी में मौसम विभाग का पूर्वानुमान बिलकुल सटीक बैठा। आसमान पर छाए काले बादलों के बीच बर्फबारी का दौर आरंभ होने से पूरी पांगी घाटी बर्फ  की सफेद चादर से ढक गई है। बर्फबारी के बीच बिजली के कटों से से लोग परेशान हो उठे हैं। हालांकि बर्फबारी के बीच घाटी के संपर्क मार्गों पर यातायात सुचारू रहना लोगों के लिए राहत की बात है। पांगी में नवंबर माह में बर्फबारी से किसानों व बागबानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसान व बागबान बर्फबारी को आगामी नगदी फसलों के लिए वरदान बता रहे हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग पांगी मंडल के एक्सईएन जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के बावजूद घाटी के तमाम मार्गो पर यातायात को सामान्य रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को बर्फबारी के बीच भी विभागीय लेबर बर्फ हटाकर यातायात को सामान्य रखे हुए है।