अधूरी रहेगी व्हाइट क्रिसमस की हसरत

विभाग का पूर्वानुमान, प्रदेश में 26 तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताह के दौरान भी बारिश होने की कम ही संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग द्वारा समूचे प्रदेश में 26 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में इस साल भी व्हाइट क्रिसमस की हसरत पूरी नहीं हो पाएगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। दिन के समय तेज धूप खिली रही।

धूप खिले से अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है। ऊना के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा चार डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा डलहौजी में दो और राज्यों के अन्य क्षेत्रों के तापमान में एक डिग्री तक का इजाफा हुआ है। हालांकि केलांग का अधिकतम तापमान अभी भी माइनस डिग्री में चला हुआ है, मगर तापमान में उछाल आने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक की राहत मिली है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी मौसम साफ बना रहा।

 इससे न्यूनतम तापमान में भी एक से चार डिग्री तक का इजाफा रिकॉर्ड किया गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया है, जो समूचे प्रदेश में सबसे ज्यादा आंका गया है। प्रदेश के सुंदरनगर, भुंतर,  कल्पा, केलांग, मनाली और मंडी का न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में रिकॉर्ड किया गया है। ऊना, सोलन व चंबा का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि प्रदेश में 24 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान बारिश -बर्फबारी होने की कम ही संभावना जताई जा रही है। फिरन भी दिसंबर माह के आखिर में मौसम के करवट बदलने की संभावना है।

कहां, कितना तापमान

जिला  अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    15.0       8.1

सुंदरनगर  21.1       -1.0

भुंतर       17.6       -1.0

कल्पा     9.8        -1.2

धर्मशाला  13.6       1.8

ऊना       23.8       0.2

नाहन      20.0       7.3

सोलन     23.2       0.8

कांगड़ा    21.9       2.2

बिलासपुर 22.4       3.0

हमीरपुर   22.0       2.7

केलांग     -1.1     -11.0

चंबा       18.3       0.6