निगम भंडारी चुने युवा कांग्रेस अध्यक्ष, यदोपति को बनाया कार्यवाहक अध्यक्ष

हाइकमान ने दी तैनाती, यदोपति ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी

कांग्रेस हाइकमान ने आखिर विवाद को दूर करते हुए निगम भंडारी को प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया है। उनको कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू का समर्थक माना जाता है। वहीं, पहली बार युवा कांग्रेस ने प्रदेश में कार्यवाहक अध्यक्ष का पद भी सृजित किया है, जो कुछ दूसरे प्रदेशों में भी हुआ है। ऐसा केवल विवादों को खत्म करने के लिए किया गया है। यदोपति ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है, जोकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थक हैं। देखना यह है कि युवा कांग्रेस में विवाद खत्म होता है या फिर और बढ़ता है, क्योंकि अब भी सभी लोग संतुष्ट नहीं हैं।

युवा कांग्रेस के चुनाव में निगम भंडारी पहले पायदान पर रहे थे, लिहाजा उनको  कुर्सी सौंपी गई है, मगर यदोपति को भी संगठन ने सम्मान देने की कोशिश की है। कांग्रेस पार्टी हाइकमान ने बुधवार दोपहर बाद प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी। संगठन में संतुलन बनाए रखने के लिए हाइकमान ने पहली बार राज्य अध्यक्ष के साथ कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया है। इस फैसले को वरिष्ठ नेताओं के दबाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। किन्नौर जिला से संबंध रखने वाले निगम भंडारी ने चुनावों में 40,010 सबसे ज्यादा वोट प्राप्त किए थे। दूसरे स्थान पर मंडी जिला के यदोपति ठाकुर रहे थे। उन्होंने 37,732 वोट लिए थे।

30 अक्तूबर को पार्टी ने चुनावी नतीजों की घोषणा की थी। सबसे ज्यादा वोट लेने वाले तीन उम्मीदवारों का पैनल बनाकर उन्हें साक्षात्कार के लिए दिल्ली बुलाया गया था। संगठन में दी गई सेवाओं के आधार पर अध्यक्ष का चयन किया गया है। युवा कांग्रेस चुनाव में सदस्यता अभियान में भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पार्टी हाइकमान ने चुनावी नतीजों पर रोक लगाई, जिसके चलते एक महीने बाद अध्यक्ष की घोषणा हुई है।