Coronavirus Vaccination: वैक्सीनेशन के बाद 41 स्वास्थ्य कर्मी बीमार

सात दिन में 241 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण, अभी तक 13562 वर्कर्ज को लगा इंजेक्शन

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

हिमाचल में अभी तक 41 हैल्थ केयर वर्कर्ज को कोविड वैक्सीनेशन के बाद हल्का रिएक्शन हो चुका है, लेकिन किसी को भी अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी। कुछ समय बाद सब कुछ ठीक हो गया। इसके अलावा सीएम जयराम ठाकुर की पत्नी साधना ठाकुर भी शनिवार को डीडीयू अस्पताल में वैक्सीन लगवा चुकी हैं। सात दिन में अभी तक हिमाचल में 13562 हैल्थ केयर वर्कर्ज को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। हिमाचल में अभी तक 60 प्रतिशत तक वैक्सीनेशन का कार्य पूरा हुआ है। कांगड़ा में सबसे ज्यादा हेल्थ वर्कर्ज को वैक्सीन लगाई गई है, जबकि यहां पर सबसे ज्यादा 43 सेंटर बनाए गए थे। इसी के चलते यहां पर 16 हैल्थ वर्कर्ज को रिएक्शन हुआ था। आधे घंटे तक डाक्टरों की निगरानी में रहने के बाद सब कुछ ठीक हो गया।

 शनिवार को भी राज्य के 64 सेंटर्ज में वैक्सीनेशन लगाई गई थी। लाहुल-स्पीति में वैक्सीनेशन नहीं हुआ। कुछ जिले अभी भी वैक्सीनेशन को लेकर बेहतर काम नहीं कर पा रहे हैं। गौरतलब है कि 16 जनवरी से हिमाचल में कोविड वैक्सीनेशन लगाने का प्रोग्राम चला हुआ है। दो फरवरी तक हिमाचल में पहले चरण का वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलना है। इसके बाद जिन हैल्थ केयर वर्कर्ज को एक टीका लगाया जा चुका है, उन्हें दूसरा टीका लगाया जाएगा, लेकिन 28 दिन पूरा होने के बाद। वहीं वैक्सीनेशन लगवाने वाले हैल्थ केयर वर्करों को 42 दिन तक एहतियात भी बरतनी होगी। इसके बाद ही एंटीबॉडी बनना शुरू होगी। वहीं, एनएचएम के एमडी डा. निपुण जिंदल का कहना है कि वैक्सीनेशन कार्यक्रम सही तरीके से चला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।

कहां, कितनी वैक्सीनेशन

जिला      टीके लगे  रिएक्शन   सेंटर

बिलासपुर 564        0           9

चंबा       896        0           15

हमीरपुर   937        0           17

कांगड़ा    2953      16         43

किन्नौर    253        0           4

कुल्लू      668        0           12

लाहौल    272        0           6

मंडी       1873      2           32

शिमला    1456      4           29

सिरमौर    1261      1           21

सोलन     824        10         25

ऊना       1605      8           28

कुल       13562     41         241

प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट 97.5 फीसदी

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट 97.5 फीसदी हो गया है। 10 जिलों में तो एक्टिव मरीजों की संख्या भी 50 से कम हो गई है, जबकि अब किसी भी जिले में 100 से ज्यादा एक्टिव मरीज नहीं है। इस तरह 424 ही एक्टिव मरीज हिमाचल में रह गए हैं। लगातार हालत में सुधार होता दिख रहा है। बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में एक्टिव मरीज 20 से कम है। राज्य में मौत का आंकड़ा 960 पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों में मौत का सिलसिला काफी कम हो गया है। बावजूद इसके लोगों को अभी भी एहतियात बरतनी होगी। रविवार को हिमाचल में कोरोना के सात ही मामले सामने आए हैं।

 इनमें से तीन शिमला, कांगड़ा से तीन, कुल्लू में एक संक्रमित मरीज मिला है। वहीं, 51 लोग इससे ठीक भी हुए हैं। हालांकि 960 लोगों ने हिमाचल में संक्रमण की वजह से दम तोड़ा है। हिमाचल में अभी तक 57 हजार 196 लोग कोविड से संक्रमित हो चुके हैं, इनमें से 55 हजार 796 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 960 ने दम तोड़ा है। शिमला जिला में सबसे ज्यादा मरीज कोविड से ठीक हुए हैं। यहां पर 10 हजार 11 मरीज कोविड से ठीक हो चुके हैं, जबकि संक्रमित भी 10 हजार 324 हुए हैं।