पहला चरण पूरा, कल दूसरे दौर का मतदान, 19 को 1208 पंचायतों के लिए होगा चुनाव

पंचायती राज चुनाव के प्रथम दौर में 76.20 फीसदी वोटरों ने चुनी मिनी संसद

विशेष संवाददाता—शिमला

हिमाचल में पंचायत चुनाव के पहले चरण में रविवार को 1227 पंचायतों के प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान हुआ। इस दौरान 76.20 प्रतिशत मतदाताओं ने ग्रामीण संसद के यज्ञ में आहुती डाली। इसी के साथ दूसरे दौर के पंचायती राज चुनाव का प्रचार भी थम गया। अब डोर-टू-डोर ही प्रचार हो सकता है। मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान होगा, जिसके लिए राज्य में 1208 पंचायतों को चिन्हित किया गया है।

पंचायतें चिन्हित करने के साथ ही पोलिंग पार्टियों को भी ड्यूटी दे दी गई है, जो पोलिंग पार्टियां रविवार को पहले चरण के मतदान में लगी हैं, वह मतदान पूरा करने के बाद सोमवार को अपने गंतव्यों को रवाना होंगी और इसी दिन वहां पहुंच जाएंगी। सोमवार शाम को पोलिंग बूथ सजा दिए जाएंगे, ताकि मंगलवार सुबह आठ बजे से पोलिंग शुरू करवाई जा सके। दूसरे चरण में 1208 पंचायतों में मतदान होगा, जिसमें कांगड़ा की सबसे अधिक 274 पंचायतें हैं, जिनमें मतदान होगा। जिलावार आंकड़ों की बात करें, तो बिलासपुर में 60 पंचायतों में दूसरे दौरे में मतदान होगा। चंबा जिला में 112 पंचायतों में चुनाव होगा, वहीं हमीरपुर की 82 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे।

किन्नौर जिला में 23 पंचायतों में मत पड़ेंगे और लोग अपनी ग्रामीण संसद को चुनेंगे। कुल्लू जिला की बात करें, तो यहां 78 पंचायतों में चुनाव होगा, वहीं स्पीति में दूसरे दौर में एक भी पंचायत में चुनाव नहीं होना है। यहां पहले चरण में ही दो पंचायतों में चुनाव हुआ है। मंडी जिला की बात करें, तो 188 पंचायतों में यहां पर चुनाव दूसरे दौरे में होगा, वहीं शिमला जिला में 139 पंचायतों में दूसरे चरण में मतदान किया जाएगा। सिरमौर जिला में 88 पंचायतें, सोलन जिला में 82 पंचायतें और ऊना जिला की 82 पंचायतों में भी 19 जनवरी को वोट डलेंगे। इस तरह से कुल 1208 पंचायतों में दूसरे दौर का मतदान होगा। रविवार को दूसरे दौर के चुनाव के लिए चुनाव प्रचार थम गया है। अब डोर-टू-डोर ही प्रचार होगा और मंगलवार सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान किया जाएगा। दूसरे दौर के बाद तीसरे व आखिरी दौर में 21 जनवरी को पंचायती राज का चुनाव होगा।

कल की तैयारी

पोलिंग पार्टियां

बिलासपुर 388

चंबा       638

हमीरपुर   476

कांगड़ा    1612

किन्नौर    121

कुल्लू      458

मंडी       1094

शिमला    769

सिरमौर    540

सोलन     540

ऊना       524

जिलावार पंचायतें

कांगड़ा    274

मंडी       188

शिमला    139

चंबा       112

सिरमौर    88

सोलन     82

ऊना       82

हमीरपुर   82

कुल्लू      78

बिलासपुर 60

किन्नौर    23