आयुष्मान में आईजीएमसी अव्वल, प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन, 26 को रिज पर मिलेगा सम्मान

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। शून्य शिकायतें और ज्यादा संख्या में मरीजों का उपचार करने को लेकर आईजीएमसी को इस सम्मान क लिए चुना गया है। अस्पताल के एमएस डा. जनकराज 26 जनवरी को रिज पर सम्मान लेंगे। अस्पताल स्टाफ और प्रबंधन इस उपलब्धि के लिए उत्साहित है। आयुष्मान जन आरोग्य योजना की शुरुआत सितंबर 2018 से हुई थी, तब से लेकर आजतक यहां पर 14946 मरीजों का उपचार किया जा चुका है।

इसमें कई तरह के आपरेशन भी शामिल हैं, जबकि कई ऐसे भी मरीज हैं, जिनका खर्चा तय शेड्यूल से भी ज्यादा था, लेकिन उसका खर्चा भी स्वयं आईजीएमसी प्रबंधन ने उठाया है। वहीं इस संबंध में किसी भी तरह की शिकायत आईजीएमसी की ओर से नहीं हुई है। बेहतर प्रदर्शन चार प्वाइंट को ध्यान में रखते हुए आंका गया, जिसके बाद आईजीएमसी प्रदेश भर में पहले स्थान पर रहा। वहीं आईजीएमसी के एमएस डा. जनकराज का कहना है कि यह पूरे स्टाफ की मेहनत का नतीजा है कि अस्पताल को इस इनाम के लिए चुना गया है। आईजीएमसी लगातार लोगों को बेहतर सुविधाएं दे रहा है। आने वाले समय में और भी सुधार किए जाएगे।

आईजीएमसी का हर साल का रिकार्ड

साल       मरीज     खर्चा

2018      730        9898100

2019      8126      114046293

2020      5915      110679504

2021      175        1899060

कुल       14946     236512957