ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत भूली सरकार, सिर्फ बड़े कार्यक्रमों के लिए सजती हैं शहर की दीवारें
नरेन कुमार – धर्मशाला
मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ की टीम ने इतिहास के सुनहरे पन्नों से कुछ यादगार पल देशवासियों के लिए विशेष रूप से तराशे हैं। साथ ही कुछ ज़मीनी हकीकत से भी लोगों को अवगत करवाया है। बता दें कि धर्मशाला में स्वामी विवेकानंद ने हरी कोठी में 11 दिन बिताए थे। करोड़ों भारतीय व युवाओं के प्रेरणास्रोत विवेकानंद जयंती पर उसी हरी कोठी से विशेष प्रसारण को दर्शक ‘दिव्य हिमाचल टीवी’ के पेज में जाकर देख सकते हैं। गौर हो कि भारतीय संस्कृति व सभ्यता को नई बुंलदियों पहुंचाने वाले स्वामी विवेकानंद धर्मशाला में 11 दिन रहे थे। कुटलैहड़ के राजपरिवार की धर्मशाला के खड़ा डंडा रोड़ में कोतवाली से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित हरी कोठी इस बात की साक्षी है कि स्वामी विवेकानंद यहां ठहरे थे। हरी कोठी के बाहर एक पत्थर पर उकेरे शब्दों के अनुसार विवेकानंद ने 1887 में धर्मशाला का भ्रमण किया था।
हिमाचल कब आए, पुख्ता प्रमाण नहीं
जानकारी के अनुसार रामकृष्ण मिशन के प्रचार-प्रसार के दौरान स्वामी विवेकानंद ने पांच मई, 1897 को भगिनी निवेदिता यानी मिस मार्गरेट नोबल को लिखे पत्र में कहा था, ‘मैं कुछ दिनों बाद हिमालय जाऊंगा, जहां के हिमाच्छादित वातावरण में विचार और स्पष्ट होंगे…बजाय अभी के मेरे विचारों के’। हालांकि कुछ मतभेद भी इस विषय में हैं कि वह कौन से सन को हिमाचल के धर्मशाला में 11 दिनों के लिए रहे। कुछ प्रमाण यह भी इशारा करते हैं कि वह 1897 में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 11 दिनों तक रहे थे। उनका स्वास्थय खराब होने के बाद 1902 में स्वामीजी ने शरीर छोड़ दिया था।