रिफॉर्म-परफॉर्म वाली मोदी सरकार; अनुराग ठाकुर बोले, जनता की भावनाओं पर खरा उतरे पीएम

स्टाफ रिपोर्ट — घुमारवीं

केंद्र की मोदी सरकार रिफॉर्म-परफॉर्म वाली सरकार है। केंद्र सरकार ने विकास और सुशासन जनता को दिया है। इसके चलते आम भाजपा सरकार पर अब आम जनता का विश्वास बढ़ा है। केंद्र सरकार जनता की भावनाओं पर पूरी तरह से खरी उतरी है। यह बात केंद्रीय वित्त व कारपोरेट अफेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने घुमारवीं में आयोजित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के दौरान कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने, सवा सौ करोड़ देशवासियों का भविष्य संवारने के लिए मोदी सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने व देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोदी सरकार ने वर्ष 1991 से भी ज्यादा रिफॉर्म्स किए हैं, जो भविष्य में सशक्त, समर्थ व समृद्ध भारत की इबारत लिखेगा।

 उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग 35 फीसदी का खर्च बढ़ा दिया है। सड़कों में 118000 करोड़, रेलवे के लिए 110000 करोड़, पानी के जल जीवन मिशन के लिए 50110 करोड़, स्वास्थ्य के लिए 223000 करोड़, मनरेगा के लिए 73000 करोड़, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में 65000 करोड़, ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 20000 बसें खरीदने का प्रावधान किया गया है। प्रशिक्षण वर्ग में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, राजेंद्र गर्ग, विक्रम ठाकुर, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने भी अपने विचार रखे। शिविर में पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, उपाध्यक्ष एचआरटीसी विजय अग्निहोत्री, प्रवक्ता राम कुमार, विधायक बलबीर चौधरी, राजेश ठाकुर, जेआर कटवाल, कमलेश कुमारी, नरिंदर ठाकुर, सुभाष ठाकुर, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सुमीत शर्मा, रविंदर रवि, बलदेव शर्मा, स्वतंत्र सांख्यान, नवीन शर्मा, राकेश बबली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।