धर्मशाला में भाजपा के पास दस पार्षद, पार्टी के पास मेयर बनाने के लिए आंकड़ा पूरा

 वन मंत्री का दावा, पार्टी के पास मेयर बनाने के लिए आंकड़ा पूरा

 आठ भाजपा पार्षदों संग दो निर्दलीयों ने बनाई रणनीति

 कहा, स्मार्ट सिटी की तस्वीर व तकदीर बदलने के होंगे प्रयास 

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—धर्मशाला     

धर्मशाला नगर निगम में विजेता आठ भाजपा पार्षदों तथा दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नगर निगम में महापौर तथा उपमहापौर बनाने के लिए  विस्तार से चर्चा की है। वन मंत्री राकेश पठानिया का दावा है कि महापौर तथा उपमहापौर बनाने के लिए भाजपा को पूरा समर्थन हासिल हो गया है। इस बाबत अब दो निर्दलीय पार्षदों सर्वचंद तथा डिंपल ने भी भाजपा के साथ मिलकर नगर निगम के गठन के लिए अपना समर्थन देने की हामी भर दी है। इससे पहले आठ अप्रैल को भाजपा पार्षदों की बैठक में एक निर्दलीय प्रत्याशी ने हाजिरी भरी थी, लेकिन अब दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी भी भाजपा के समर्थन में खुलकर सामने आ गया है। राकेश पठानिया ने कहा कि अब भाजपा के पास दस पार्षदों का समर्थन हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा मत प्रतिशतता हासिल करने में कांग्रेस से आगे रही है तथा कांग्रेस को नगर निगम से बाहर का रास्ता दिखाया है। भाजपा ने हमेशा ही विकास को प्राथमिकता दी है तथा भविष्य में भी इस अभियान को जारी रखा जाएगा। स्मार्ट सिटी धर्मशाला की तस्वीर तथा तकदीर बदलने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

नगर निगम के गठन के बाद धर्मशाला के लिए निर्धारित विकास के प्लान के आधार पर ही तेज गति के साथ कार्यों को आरंभ किया जाएगा, जिससे पर्यटन नगरी धर्मशाला में पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए 334 करोड़ रुपए की परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इसके  अतिरिक्त 296 करोड़ की परियोजनाओं का प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 181 करोड़ की 28 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है व 41 करोड़ की छह परियोजनाओं की निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जिनका कार्य भी शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 74 करोड़ की लागत से अन्य विभागों के साथ कन्वरजेंस कर 10 परियोजनाओं पर कार्य पूर्ण किया जा चुका है। 41.74 करोड़ से जीआईएस वेब पोर्टल, धर्मशाला स्मार्ट सिटी वेबसाइट, ई-नगरपालिका, भूमिगत डस्टबिन, समावेशी स्मार्ट सड़कों, स्मार्ट क्लासरूम, रूफ टॉप सोलर प्लांट तथा रूटजोन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।