मंडी में भाजपा ने हासिल किए 47.31 फीसदी वोट

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने चारों नगर निगम चुनावों में अथक परिश्रम और बेहतर प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। प्रदेश की जनता का भी इस पर्व में भाग लेने पर आभार व्यक्त किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा का इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन रहा। अगर पूरे चुनाव का विश्लेषण करें, तो भाजपा को कुल मिलाकर अच्छी बढ़त मिली है। चुनावों में भाजपा को मंडी में 10757 मत प्राप्त हुए जो कि 47.31 प्रतिशत हैं। धर्मशाला में 8550, पालमपुर में 8122 और सोलन में 10064 मत प्राप्त हुए। यह केवल और केवल कार्यकर्ताओं की मेहतन के नतीजे हैं। उन्होंने जीतने वाले सभी प्रत्याशियों को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण अपने वार्डों में जनता की सेवा करेंगे एवं हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्त्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान देंगे।