लॉकडाउन की ओर महाराष्ट्र; सीएम आज करेंगे ऐलान, ऑक्सीजन की कमी की वजह से लगेंगी पाबंदियां

एजेंसियां — मुंबई

महाराष्ट्र में संपूर्ण लॉकडाउन लगने जा रहा है। उद्धव सरकार के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया है कि बुधवार को रात 8 बजे के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इसका ऐलान करेंगे। महाराष्ट्र कैबिनेट ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इसकी सिफारिश की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से बुधवार रात 8 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की अपील की है। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से यह गुजारिश की है। अब मुख्यमंत्री को फैसला लेना है। वहीं, मंत्री असलम शेख ने कहा कि मेडिकल ऑक्सीजन की कमी की वजह से यह फैसला लिया गया है। इसके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी की जाएगी।

झारखंड में 22 से 29 अप्रैल तक लॉकडाउन

रांची। झारखंड में 22 से 29 अप्रैल तक एक सप्ताह का संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को इसका ऐलान करते हुए कहा कि लॉकडाउन गुरुवार सुबह छह बजे से प्रभावी होगा। इस दौरान सरकार ने कुछ छूटों का भी ऐलान किया है। बताया गया है कि राज्य में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक एक हफ्ते तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। 22 अप्रैल सुबह छह बजे से से 29 अप्रैल की सुबह छह बजे तक लॉकडाउन रहेगा। झारखंड में कई रियायतों के साथ लॉकडाउन लगाया गया है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रहेगा। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे, लेकिन भीड़ नहीं होगी।

यूपी में वीकेंड लॉकडाउन

लखनऊ। यूपी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी की योगी सरकार ने वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके तहत आवश्यक सेवाओं को छोड़कर प्रदेश में शनिवार और रविवार को सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। वहीं इसके अतिरिक्त जिन जिलों में 500 से अधिक एक्टिव केस हैं, वहां हर दिन रात्रि आठ बजे से अगले दिन प्रात: सात बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इस नियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।