नंदिता को राष्ट्रीय राष्ट्रभाषा स्वाभिमान विदुषी सम्मान

बीबीएन। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध लेखिका नंदिता बाली को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 36वां राष्ट्रीय सम्मान (राष्ट्रीय राष्ट्रभाषा स्वाभिमान विदुषी) से नवाजा गया है। उन्हें इतिहास, पुरातत्व शोध संस्थान बालाघाट के निदेशक आचार्य वीरेंद्र सिंह द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान इनकी हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति व पारस्परिक सौहार्द व उत्कृष्ट कविताओं के लिए दिया गया। संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक गंगोत्री में इनकी कविताएं कुदरत के रंग व नवीन भारत की नवीन परिभाषाएं में वर्तमान भारत की स्थिति का वर्णन किया गया है। नालागढ़ में हिंदी प्रवक्ता के पद से रिटायर होने के पश्चात वह निरंतर साहित्य सेवा कर रही हैं व अपने राज्य हिमाचल प्रदेश का गौरव देश प्रदेश में बढ़ा रही हैं। बीबीएन के तमाम साहित्यकारों, लेखकों व पत्रकार संगठना ने उनको यह पुरस्कार मिलने पर बधाई दी है।