Himachal News : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तीन और मौतें, चार लोग लापता

गुम्मा : पहाड़ी से गिरे मलबे से बंद पड़े एनएच-54 को बहाल करने में जुटी जेसीबी

 सांगला के लारा नाले में फ्लैश फ्लड, काजा में पहाड़ी दरकी, ताबो वैली, गुम्मा और शिलाई में भू-स्खलन, 32 सड़कें बंद

 किन्नौर के बटसेरी में चट्टानें गिरने का सिलसिला थमा, सांगला-छितकुल मार्ग दूसरे दिन भी रहा बंद, 60 पर्यटक फंसे

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से नुकसान का सिलसिला जारी है। सोमवार को राज्य के कई स्थानों पर भू-स्खलन और पहाड़ों की दरकने की घटनाएं पेश आई है, जिन्होंने तीन और लोगों की जान ले ली है, जबकि चार लोग लापता चल रहे हैं। बिलासपुर, कांगड़ा व मंडी में एक-एक मौत हुई है। उक्त मौतों के साथ ही प्रदेश में मानसून के दौरान अकाल मृत्यु का ग्रास बनने वालों की संख्या 190 तक पहुंच गई है। रविवार रात सांगला के लारा नाले में फ्लैश फ्लड आया है। ताबो वैली में भू-स्खलन हुआ है, जिससे एनएच 505 समदो से काजा के लिए अवरुद्ध हो गया है। काजा में पहाड़ी के दरकने से भी मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना है। वहीं, सिरमौर के शिलाई में भी भू-स्खलन हुआ है।

 जोगिंदरनगर के गुम्मा में भू-स्खलन से पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने से एनएच-24 बंद हो गया। उधर, नौ जिंदगियां छीनने वाली किन्नौर के बटसेरी की पहाड़ी से चट्टानें गिरने का सिलसिला थम गया है, सांगला-छितकुल मार्ग लगातार दूसरे दिन बंद रहा, जहां करीब 60 पर्यटक अब भी फंसे हुए हैं। भू-स्खलन के चलते प्रदेश में 32 सड़कों पर यातायात अवरुद्ध चल रहा है। इनमें से दो मार्ग चंबा में, एक कांगड़ा, तीन किन्नौर, कुल्लू में दो, लाहुल- स्पीति में तीन, मंडी में चार, शिमला में तीन, सिरमौर में 14 मार्ग बंद चल रहे हैं। प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते 55 डीटीआर भी बंद चल रहे है।

हिमाचल पर अगले दो दिन भारी

शिमला। मानसून के कोहराम की मार झेल रहे हिमाचल में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग दिल्ली द्वारा राज्य के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व शिमला के ऊपरी स्थानों पर बहुत भारी बारिश के साथ-साथ फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है, जो तबाही का कारण बन सकता है।