बेस्ट-60 में स्वास्तिक और निशांत का मॉडल सिलेक्ट

स्टाफ रिपोर्टर-सोलन

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्त्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड मानक योजना प्रतियोगिता में प्रदेश के दो छात्रों के मॉडल का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दो छात्रों में स्वास्तिक और निशांत ठाकुर ने का मॉडल चयनित हुए है। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से कुल 581 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिसमें से 60 विद्यार्थियों के मॉडल चयनित हुए हैं। चयनित विद्यार्थी बिलासपुर व शिमला जिला से संंबंधित हैं। कोरोना की स्थिति अगर सामान्य होती है तो इन छात्रों को सकुरा एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत जापान स्थित साइंटिफिक इंस्टीच्यूट जाने का अवसर प्राप्त होगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग व राष्ट्रीय अन्वेषण प्रतिष्ठान गांधीनगर द्वारा प्रतिवर्ष इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का आयोजन किया जाता है।

प्रदेश में इस प्रतियोगिता के आयोजन का जिम्मा एससीईआरटी के पास है। गत वर्ष कोरोना महामारी के चलते प्रतियोगिता ऑनलाइन मोड पर आयोजित की गई थी। प्रदेशभर से कुल 1062 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 106 मॉडल का चयन राज्य स्तर पर किया गया था। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 11 मॉडल का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता चार से आठ सितंबर तक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से 581 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन अपने मॉडल प्रदर्शित किए। हिमाचल प्रदेश से कुल 11 बच्चों ने अपने मॉडल प्रदर्शित किए थे, जिसमें दो विद्यार्थियों के मॉडल चयनित हुए हैं। इन विद्यार्थियों के चयन पर एससीईआरटी सोलन की प्राचार्या रीटा शर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों व मार्गदर्शक अध्यापकों को बधाई दी है।