Himachal Upchunav : विपक्ष पर बरसे सीएम; कहा, कांग्रेस ने भारत को लूटा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – मंडी

द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों ने और आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सत्ता में कांग्रेस कई वर्षों तक रही, लेकिन विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लूट की नीति से अमीर लोग और अमीर होते गए और गरीब लोग और गरीब हो गए। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग भी यहां आएंगे और मुझे गालियां देकर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव ब्रिगेडियर खुशाल लड़ रहे हैं और कांग्रेसी नेता गालियां जयराम को दे रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी मंडी में जाकर बोलते हैं कि काम सराज में हुआ है। सराज पहुंच कर बोलते यहां भी कुछ नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश से कांग्रेस इसलिए हार रही है, क्योंकि देश में लूट मचा रखी थी। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को सात साल हुए हैं, लेकिन सात रुपए का घोटाला नहीं हुआ। पूर्व की यूपीए सरकार में सैकड़ों करोड़ों का घोटाला हुआ। कांग्रेस के मित्रों को आज पूरे देश और प्रदेश से कांग्रेस मुक्त होने की चिंता सता रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मंडी संसदीय सीट तो जीतेंगे ही, साथ ही तीनों विधानसभा उपचुनाव भी भाजपा ही जीतेगी। आज कांग्रेस के नेता बोलते हैं कि कारगिल लड़ाई कोई लड़ाई नहीं थी। ऐसा बयान देने वालों को शर्म आनी चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कांग्रेस के लोग सेना पर भी उंगली उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा उपचुनाव में एक फौजी को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है और हमें गर्व है कि बिग्रेडिययर खुशाल ठाकुर कारगिल हीरो हैं।

कौल सिंह बताएं, कितने ऑक्सीजन प्लांट दिए?

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। ऐसे में वह बताएं कि प्रदेश में उन्होंने कितने ऑक्सीजन प्लांट लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में 28 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि द्रंग के एक कांग्रेस नेता कहते थे कि 75 वर्ष आयु के बाद चुनाव नहीं लडऩा चाहिए। आज उनकी उम्र 78 के करीब है तो फिर से चुनाव लडऩे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

26 हजार की लीड दिलाओ, कई लोगों की होगी रिटायरमेंट

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 21 हजारा मतों की लीड मिली थी। इस बार 26 हजार की लीड दिलाएंगे तो कई लोगों की रिटायरमेंट होगी। उनका निशाना कांग्रेस नेता पर था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ब्रिगेडियर को जिताकर हिमाचल में जयराम ठाकुर और केंद्र में मोदी सरकार को और मजबूती मिलेगी।

हिमाचल के नेता ही हमारे स्टार प्रचारक

कुल्लू – बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा भाजपा राष्ट्रहित में काम और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा की हमारे स्टार प्रचारक हमारे हिमाचल के ही लोकप्रिय नेता हैं और भाजपा को अपने नेताओं के ऊपर पूरा विश्वास है। दूसरी ओर कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार जैसे लोग हैं, जो देशद्रोही ताकतों के समर्थक है। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के कदम पड़ते ही हिमाचल प्रदेश शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर एक सच्चे देश भक्त हैं, जिन्होंने सेना में रहकर देश की सेवा की है। इसीलिए लोग ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को कारगिल हीरो के नाम से जानते हैं। बड़े दुख की बात यह है कि कांग्रेस के नेता कारगिल युद्ध को युद्ध नहीं मानते।

वीरभद्र नहीं बन सकते

मुख्यमंत्री पर मुकेश अग्रिहोत्री का तंज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – मंडी

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा हैं कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कितनी भी कोशिश कर लें लेकिन उनका कद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बड़ा नहीं हो सकता। यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि शांता कुमार को पानी वाले मुख्यमंत्री और धूमल को सड़कों तथा वीरभद्र को गरीबों के हितैषी के रूप में याद किया जाता है, लेकिन जयराम ठाकुर को हवा में उडऩे वाले और सबसे अधिक कर्ज लेने वाले मुख्यमंत्री के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर अगर सड़कों पर चले होते तो आज उनके गृह जिला मंडी की सड़कों की हालत इतनी खराब नहीं होती। यहां तक कि जिला मुख्यालय मंडी शहर की सड़कों की हालत में भी सुधार हो जाता।

यहां तो आलम यह है कि मुख्यमंत्री अपने चुनाव क्षेत्र में एक पंचायत से दूसरी पंचायत को हेलिकॉप्टर से ही आते-जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएंगे कि हिमाचल में भूमि अधिग्रहण में फैक्टर-2 लागू क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता के सामने बताएं कि मंडी संसदीय क्षेत्र में तीन सालों में कितनी जमीन अधिग्रहण की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बीजेपी की सरकार के चार साल के बाद भी कोई उपलब्धि नहीं गिना सके है। केवल मात्र क्षेत्रवाद फैला रहे हैं। इतने दिनों से चुनाव प्रचार चल रहा है, मगर जयराम अपनी कोई बड़ी उपलब्धि नहीं बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी मंडी और नेरचौक मेडिकल कालेज कांग्रेस की देन है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह अपने आप में एक संस्थान थे, जिनकी पाठशाला में वह पढ़कर इस राजनैतिक क्षेत्र में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का संपूर्ण विकास वीरभद्र सिंह की ही देन है। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव महेश्वर चौहान और पुष्पराज शर्मा मौजूद रहे।

सबसे अधिक कर्ज लेने वाले सीएम होंगे जयराम

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि मंडी में हवाई अड्डा महज एक छलावा है। कोई भी काम सरकार ने नहीं किया। सबसे अधिक कर्जा लेने का रिकॉर्ड जयराम के नाम होगा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर अपने द्वारा किए गए विकास की बात करने के बजाय मुद्दों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री में दम है तो विकास की बात करें। उन्होंने कहा कि महंगाई को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है। प्रदेश का संपूर्ण विकास कांग्रेस की ही देन है।

हम जब भी सवाल पूछते हैं, तो भाजपा को बुरा लगता है

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कहा कि जब हम सवाल पूछते हैं तो मुख्यमंत्री को अखरने लगते हैं और भाषा का सवाल उठाते हैं। हम पूछ रहे हैं कि मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा की मौत कैसे हुई। सीबाआई की जांच की मंजूरी क्यों नहीं दी जा रही है। हम सवाल पूछते हैं कि मंडी संसदीय क्षेत्र में ऐसा कौन सा प्रोजेक्ट है, जो जयराम सरकार ने शुरू किया हो और उसका उ्दघाटन भी वही करेंगे।

कांग्रेस काल में हुआ जुब्बल का विकास

ठियोग – कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जुब्बल-नावर-कोटखाई विकास के मामले में पूरे हिमाचल में अव्वल रहा। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व नादौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जुब्बल के सहड़ाना में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में जुब्बल-नावर-कोटखाई को सड़कों के क्षेत्र में सर्वाधिक बजट आबंटित हुआ। रोहित ठाकुर जुब्बल-नावर-क्षेत्र के विकास के प्रति हमेशा ही चिंतित रहे हैं। उनकी विकासात्मक सोच के चलते सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल योजनाओं में पूरे हिमाचल में सर्वाधिक बजट जुब्बल-नावर-कोटखाई को मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चार वर्षों के कार्यकाल में मंडी के दो विधानसभा क्षेत्रों को छोड़कर बाक़ी हलकों को घोर निराशा ही हाथ लगी है। रोहित ठाकुर जुब्बल-कोटखाई ही नहीं, बल्कि पूरे जिला शिमला की उम्मीद हैं।