सिद्धू ने की कैप्टन की तारीफ, विधानसभा सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री को बताया पानी का रक्षक

चंडीगढ़, 11 नवंबर (ब्यूरो)
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को विधानसभा में चर्चा के दौरान पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की तारीफ करते नजर आए। नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर को पंजाब के पानी का रक्षक बताया। उन्होंनेे कहा कि वह एकमात्र सीएम रहे, जिन्होंने किसानों का कर्ज माफ किया। अगर कोई अच्छा काम करता है तो उसकी प्रशंसा करता हूं। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पंजाब में वर्ष 2013 में अकाली भाजपा सरकार ने जो कृषि कानून बनाए थे, उन्हें ही अब केंद्र सरकार ने पास किया है। कांट्रैक्ट एक्ट भी वही है, जो 2013 में अकाली दल और भाजपा सरकार ने पास किया। इन्होंने पंजाब को सबसे कर्जाई राज्य बना दिया है। राज्य की 25 फीसद आय ब्याज में चली जाती है।

सिद्धू जब अकाली दल पर हमलावर हुए तो बिक्रम सिंह मजीठिया सहित अकाली विधायकों ने उनका विरोध किया। मजीठिया ने कहा कि जब 2013 में कानून पास किए गए थे, तब नवजोत कौर सिद्धू भी भाजपा में थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि आज विधानसभा में जो हंगामा हुआ वह जानबूझकर किया गया। विपक्ष में सच सुनने का माद्दा नहीं है। जब कृषि कानूनों व किसानों के मुद्दे पर बहस हो रही है तब विपक्ष हंगामा कर रहा है। यह असभ्य तरीका है। यही कारण है कि उन्हें अलग से प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ रही है। कहा कि जब से चन्नी सरकार आई है तब से जो भी घोषणाएं हुई हैं यह पंजाब माडल का फल है। यह एक झलक है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वह दावे से कह सकते हैं कि यह आम लोगों के जीवन को तब्दील करने लिए जो घोषणाएं हो रही हैं, यह अगले पांच वर्ष के लिए हैं।