फायदेमंद है भीगे हुए बादाम

बादाम सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हंै। बादाम में शरीर के लिए जरूरी कई प्रोटींस, वसा, विटामिन्स और मिनरल्ज पर्याप्त मात्रा में होते हैं इसलिए बहुत सारे लोग सुबह-सुबह इसका सेवन करते हैं। सर्दियों में खासकर लोग बादाम का सेवन करते हैं। मगर क्या आपको पता है कि सूखे बादाम खाने से ज्यादा रात के भिगोए हुए बादाम खाना फायदेमंद होता है। जी हां, भीगे हुए बादाम में कई पौष्टिक तत्त्व बढ़ जाते हैं, जिसके कारण ये आपकी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद होते हंै। आइए जानते हैं भीगे हुए बादाम रोज खाने के कुछ फायदे।

मिलते हैं सभी जरूरी पोषक तत्त्व

विटामिन ई, फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और प्रोटीन की मौजूदगी के कारण बादाम को सुपर फूड कहा जाता है। बादाम खाने से काफी लंबे समय तक पेट भरा हुआ रहता है। इनमें मैगनीज भी पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत करता है। इसके अलावा मैगनीज ब्लड शुगर लेवल को बनाए रखने में भी मदद करता है। जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या होती है, उनके लिए यह काफी लाभकारी होते हैं। बादाम खाने से मांसपेशियां और नर्व्स फंक्शन बेहतर होता है।

पाचन बढ़ाने और वजन घटाने में कारगर

भीगे हुए बादाम में प्रोटीन की मात्रा सूखे बादाम से ज्यादा होती है। इसके अलावा इसमें फाइबर भी भरपूर होता है। फाइबर की मात्रा होने के कारण बादाम खाने से आपका पाचन ठीक रहता है और ये पेट को ज्यादा समय तक भरे होने का एहसास कराता है इसलिए कम खाने से आप ओवर इटिंग से बच जाते हैं, जिससे वजन भी कम होता है।