बहडाला नशा निवारण केंद्र से भागे पांच रोगी

नगर संवाददाता — ऊना

ऊना मुख्यालय के साथ लगते बहड़ाला में एक नशा निवारण केंद्र में बाथरुम की ग्रिल तोड़ पांच रोगी भाग निकले। फरार हुए युवकों में तीन पंजाब और एक युवक ऊना व एक कांगड़ा जिला के रहने वाले हैं। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस ने मौका का दौरा किया। पुलिस ने रोगियों के परिजनों व संबंधियों को सूचित कर दिया है। ऐसे क्या कारण रहे कि रोगियों को नशा निवारण केंद्र से भागना पड़े? फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच में जुट गई है। शनिवार सुबह तीन बजे नशा निवारण केंद्र बहडाला में पांचों रोगी ग्रिल को तोड़कर फरार हो गए। इन रोगियों में संजीव सिंह निवासी नवा शहर पंजाब, रघुवेंद्र सिंह निवासी नूरपुर बेदी पंजाब, अजय कुमार निवासी मुकेरियां पंजाब, अमन कुमार निवासी सोहारी टकोली और गुरमीत सिंह निवासी रक्कड़ कांगड़ा शामिल हैं। नशा निवारण केंद्र संचालकों की सूचना पर पुलिस टीम मौका पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। उधर, एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस इस संबंध में जांच में जुट गई है।