सात दिन के अंदर दे राहत, पीसमील के समर्थन में तकनीकी कर्मचारियों की चेतावनी

पीसमील के समर्थन में तकनीकी कर्मचारियों की चेतावनी, फिर हम भी करेंगे टूल डाउन स्ट्राइक

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

तकनीकी कर्मचारी संगठन ने भी अब निर्णय लिया है कि अगर सात दिन के अंदर सरकार एचआरटीसी कर्मचारियों के हक में कोई निर्णय नहीं लेती है, तो फिर कर्मशाला के समस्त तकनीकी कर्मचारी पीसमील कर्मचारियों के समर्थन में छह दिसंबर को दोपहर एक बजे गेट मीटिंग करेंगे। वहीं 15 दिसंबर से दोपहर बाद दो बजे से शाम चार बजे तक टूल डाउन स्ट्राइक करेंगे। यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक प्रबंधन की ओर से इस बारे में कोई निर्णय ले नहीं लिया जाता है। एचआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में अब अन्य कर्मचारी भी आने लगे है। अब तकनीकी कर्मचारियों ने भी पीसमील का समर्थन किया है।

उन्होंने सरकार को चेताया है कि अगर सरकार पीसमील कर्मचारियों की मांगों को नहीं मानती है, तो फिर तकनीकी कर्मचारी भी टूल डाउन स्ट्राइक करेंगे। कर्मचारियों के आंदोलन पर चले जाने के कारण सारा भार नियमित तकनीकी कर्मचारियों पर आ गया है। वर्कशॉप में नियमित कर्मचारियों की संख्या नाम मात्र ही है। जिसकी वजह से कर्मशाला का कार्य करने में असमर्थ है। ऐसा इसलिए क्योंकि नियमित कर्मचारी इस समय 55 से 58 वर्ष की उम्र के हैं। ऐसे में यह कर्मचारी काम का ज्यादा भार नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने चेताया है कि अगर पीसमील कर्मचारियों के साथ तकनीकी कर्मचारी भी हड़ताल करते हैं, तो फिर वर्कशॉप पर बसों की रिपेयरिंग का काम रुक जाएगा। इसके लिए सिर्फ और सिर्फ सरकार व निगम प्रबंधन जिम्मेदार होगा।